दो दिग्गज रेल कंपनियों को 'एक' करने की तैयारी, रॉकेट सा उड़े कंपनियों के शेयर
रेल कंपनी इरकॉन इंटरनेशनल और रेल विकास निगम लिमिटेड के शेयरों ने शुक्रवार को बुलेट ट्रेन की रफ्तार पकड़ ली।
नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। रेल कंपनी इरकॉन इंटरनेशनल और रेल विकास निगम लिमिटेड के शेयरों ने शुक्रवार को बुलेट ट्रेन की रफ्तार पकड़ ली। इरकॉन इंटरनेशनल के शेयर शुक्रवार को 12 पर्सेंट उछल गए, जबकि रेल विकास निगम लिमिटेड के शेयरों में 7 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है।
इन 2 रेल कंपनियों के शेयरों में यह उछाल उन रिपोर्ट्स के बाद आया है, जिसमें कहा गया है कि रेल मिनिस्ट्री ने इन दोनों कंपनियों का विलय (मर्जर) करने के एक औपचारिक प्रस्ताव को आगे बढ़ाया है।
इससे इनवेस्टर सेंटीमेंट को मजबूती मिली है। यह बात इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट में कही गई है। इरकॉन इंटरनेशनल और रेल विकास निगम लिमिटेड दोनों ही नवरत्न कंपनी हैं।
150 रुपये के पार पहुंच गए इरकॉन इंटरनेशनल के शेयर
रेल कंपनी इरकॉन इंटरनेशनल (IRCON International) के शेयर शुक्रवार को BSE में 12 पर्सेंट उछलकर 150.15 रुपये पर पहुंच गए। पिछले पांच साल में इरकॉन इंटरनेशनल के शेयरों में 230 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है।
नवरत्न कंपनी रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के शेयरों में भी शुक्रवार को अच्छी तेजी आई है। रेल विकास निगम लिमिटेड के शेयर शुक्रवार को 7 पर्सेंट की तेजी के साथ 298.55 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले 5 साल में रेल विकास निगम लिमिटेड के शेयरों में 820 पर्सेंट की तूफानी तेजी देखने को मिली है।
इस वजह से दोनों रेल कंपनियों के शेयरों में तेजी
इरकॉन इंटरनेशनल और रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के शेयरों में उन मीडिया रिपोर्ट्स के बाद अच्छी खरीदारी देखने को मिली है, जिनमें कहा गया है कि मिनिस्ट्री ऑफ रेलवे से IRCON और RVNL के विलय के औपचारिक प्रस्ताव को आगे बढ़ाया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मर्जर प्रपोजल को फाइनेंस मिनिस्ट्री, डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज और कैबिनेट कमेटी ऑन इकनॉमिक अफेयर्स (CCEA) के अप्रूवल्स की जरूरत पड़ेगी। हालांकि, प्रस्तावित मर्जर को लेकर इरकॉन इंटरनेशनल और रेल विकास निगम लिमिटेड ने अभी तक स्टॉक एक्सचेंजों के साथ कोई अपडेट साझा नहीं किया है।
विलय के बाद बन जाएगी इंटीग्रेटेड इकाई
प्रस्तावित विलय को अगर मंजूरी मिलती है तो यह देश की दो दिग्गज रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों को मिलाकर एक ज्यादा इंटीग्रेटेड इकाई बनाएगा। इरकॉन इंटरनेशनल और रेल विकास निगम लिमिटेड दोनों ही रेल मिनिस्ट्री के एडमिनिस्ट्रेटिव कंट्रोल में आती हैं।
इरकॉन इंटरनेशनल की शुरुआत साल 1976 में हुई है, जबकि रेल विकास निगम लिमिटेड की शुरुआत साल 2003 में हुई है। रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) फास्ट ट्रैक बेसिस पर रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के डिवेलपमेंट, कंस्ट्रक्शन और इंप्लीमेंटेशन पर फोकस करती है।

Janmat News 
