भारत को बताया था 'डेड इकोनॉमी', अब इंडिया US को देने जा रहा 20.5 अरब डॉलर से अधिक का निवेश
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अमेरिकी नागरिकों को खुशखबरी दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियां विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त राज्य अमेरिका में 20.5 अरब डॉलर से अधिक का निवेश करेंगी।
नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अमेरिकी नागरिकों को खुशखबरी दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियां विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त राज्य अमेरिका में 20.5 अरब डॉलर से अधिक का निवेश करेंगी।
गोर ने X पर एक पोस्ट में कहा, "भारतीय टेक, मैन्युफेक्चरिंग और फार्मास्यूटिकल्स समेत विभिन्न सेक्टर्स की अन्य कंपनियां, अमेरिका में 20.5 बिलियन डॉलर से अधिक का निवेश करने की योजना बना रही हैं।"
भारत और अमेरिका के बीच राजनयिक और व्यापारिक संबंध पिछले साल, टैरिफ के मुद्दे को लेकर काफी नाजुक दौर से गुजरे थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भारत पर मनमाने तरीके से टैरिफ लगाया था और भारत को डेड इकोनॉमी तक कहा था लेकिन, अब भारतीय कंपनियां ही यूएस में बड़े पैमाने पर निवेश की तैयारी कर रही हैं।
ट्रंप के दूत ने क्या कहा?
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने आगे कहा, "इसमें वे 12 भारतीय कंपनियां शामिल हैं जिन्होंने आज ही 1.1 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की है।"
यह पोस्ट 'SelectUSA' हैशटैग के साथ शेयर किया गया है, जो अमेरिका में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) आकर्षित करने के उद्देश्य से आयोजित एक निवेश शिखर सम्मेलन का प्रतीक है। हालांकि, इस ट्वीट में कंपनियों के नाम और प्रस्तावित निवेशों के लिए कोई समयसीमा नहीं बताई गई।
गोर ने कहा कि ये निवेश अमेरिका में पूंजी प्रवाह में रिकॉर्ड स्तर की वृद्धि का संकेत देते हैं। गोर ने कहा, "ये साझेदारियां अमेरिका में वास्तविक रोजगार सृजित कर रही हैं और आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत बना रही हैं।" उन्होंने इस घटनाक्रम को भारत और अमेरिका के बीच गहरे आर्थिक संबंधों का प्रमाण बताया।

Janmat News 
