चन्दौली में दवा व्यापारी सम्मेलन एवं शैक्षणिक कार्यशाला का आयोजन, प्रमुखता से उठाई गई समस्याएं

उप्र के चन्दौली जनपद के सैयदराजा कस्बे में दवा व्यापारी सम्मेलन एवं शैक्षणिक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

चन्दौली में दवा व्यापारी सम्मेलन एवं शैक्षणिक कार्यशाला का आयोजन, प्रमुखता से उठाई गई समस्याएं
Published By- Diwaker Mishra

चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद के सैयदराजा कस्बे में दवा व्यापारी सम्मेलन एवं शैक्षणिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह रहे। इस दौरान दवा कारोबारियों ने लाइसेंस, जांच और जनऔषधि केंद्रों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

विधायक सुशील सिंह ने कहा कि कोरोना काल में दवा व्यापारियों ने लोगों तक जरूरी दवाएं पहुंचाकर महत्वपूर्ण सेवा की। उन्होंने कहा कि यदि किसी दवा व्यापारी को लाइसेंस बनवाने अथवा अन्य कार्यों में अधिकारियों द्वारा परेशान किया जाता है तो इसकी जानकारी उन्हें दी जाए।

उन्होंने व्यापारियों को अधिकारियों से उत्पीड़न की स्थिति में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। व्यापारियों ने प्राइवेट अस्पतालों में कथित तौर पर निर्धारित दवाएं लिखे जाने और उनकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए।

वहीं जनऔषधि योजना के संचालन में भी अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ स्थानों पर योजना के नाम पर सामान्य जेनेरिक दवाओं की बिक्री की जा रही है। व्यापारियों ने मेडिकल स्टोरों पर जांच के नाम पर अनावश्यक परेशान किए जाने का मुद्दा भी उठाया।

कार्यक्रम में दवा विक्रेता समिति ने संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारियों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाने पर जोर दिया। इस दौरान जयप्रकाश मौर्य,  आशुतोष गुप्ता, एकलाख अंसारी और अंकित जायसवाल समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।