रायबरेली: भ्रष्टाचार की खबर प्रकाशित करना बना मुसीबत, पत्रकार पर दर्ज हुआ मुकदमा; पत्रकारों में नाराजगी

उप्र के रायबरेली जनपद की नगर पंचायत शिवगढ़ में कथित भ्रष्टाचार का मामला उजागर करने वाले एक पत्रकार के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

रायबरेली: भ्रष्टाचार की खबर प्रकाशित करना बना मुसीबत, पत्रकार पर दर्ज हुआ मुकदमा; पत्रकारों में नाराजगी
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद की नगर पंचायत शिवगढ़ में कथित भ्रष्टाचार का मामला उजागर करने वाले एक पत्रकार के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसके बाद जिले भर के पत्रकारों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिषद के पदाधिकारियों का कहना है कि ज़ी न्यूज़ के ब्यूरो चीफ एवं संगठन के आईटी सेल प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने नगर पंचायत में कथित अनियमितताओं से जुड़ी खबर प्रकाशित की थी।

बताया गया कि शिकायतकर्ता राज किशोर बाजपेई लंबे समय से विभिन्न अधिकारियों के समक्ष शिकायतें कर रहे थे। उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर समाचार प्रसारित किया गया था।

आरोप है कि खबर प्रकाशित होने के बाद 4 जून को थाना शिवगढ़ में दर्ज एफआईआर में पत्रकार रवि श्रीवास्तव को भी आरोपी बना दिया गया। पत्रकार सुरक्षा परिषद का कहना है कि पत्रकार का मामले से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था और उन्हें केवल समाचार प्रकाशित करने के कारण निशाना बनाया गया है।

संगठन ने कहा कि यदि जनहित से जुड़े मामलों को उजागर करने वाले पत्रकारों पर इस तरह मुकदमे दर्ज होंगे तो स्वतंत्र पत्रकारिता प्रभावित होगी। परिषद ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है।