चन्दौली: नेशनल इंटर कॉलेज में परिचारक ने किया आत्मदाह का प्रयास, वेतन रोकने और रिश्वत मांगने का लगाया आरोप
उप्र के चन्दौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय के परिचारक संतोष मिश्रा ने प्रार्थना सभा के दौरान अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय के परिचारक संतोष मिश्रा ने प्रार्थना सभा के दौरान अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया।
मौके पर मौजूद शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य लोगों की सतर्कता से समय रहते उन्हें रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि संतोष मिश्रा पिछले दो माह से वेतन न मिलने के कारण मानसिक रूप से परेशान थे।
उनका आरोप है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के उनका वेतन रोक दिया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय की ओर से चेकिंग के नाम पर पैसे की मांग की जा रही थी।
संतोष मिश्रा का दावा है कि केवल उनका ही नहीं, बल्कि विद्यालय के दो बाबू और दो अन्य परिचारकों का भी पिछले दो महीने का वेतन लंबित है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। घटना के बाद विद्यालय परिसर में कर्मचारियों और शिक्षकों के बीच आक्रोश का माहौल देखने को मिला। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं, संतोष मिश्रा ने अपनी पीड़ा मीडिया के सामने भी रखी और वेतन भुगतान के साथ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
फिलहाल, इस घटना के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और लगाए गए आरोपों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और विभागीय कार्रवाई पर टिकी हैं। पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।


