रायबरेली में दो थाना क्षेत्रों में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, कई गिरफ्तार, दो बदमाश घायल

सीराबाद और बछरावां थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने कई बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, कारतूस और चोरी का सामान भी बरामद किया है।

रायबरेली में दो थाना क्षेत्रों में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, कई गिरफ्तार, दो बदमाश घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —

रायबरेली/जनमत न्यूज। रायबरेली जिले में पुलिस और अंतरजनपदीय बदमाशों के गिरोह के बीच दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ की घटना सामने आई है। नसीराबाद और बछरावां थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने कई बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, कारतूस और चोरी का सामान भी बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सक्रिय अंतरजनपदीय बदमाशों के एक गिरोह की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नसीराबाद और बछरावां थाना क्षेत्रों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।

बछरावां थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान मार्को उर्फ अभिनंदन के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसके तीन साथियों मनीष, अनिकेत और पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। वहीं नसीराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने सूरज नामक बदमाश को दबोच लिया, जबकि मुठभेड़ के दौरान दो अन्य बदमाश भी घायल हो गए।

पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटनास्थल से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और चोरी का सामान बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार बदमाशों पर हत्या, लूट और चोरी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं और यह गिरोह कई जिलों में सक्रिय रहा है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।