संभल: मस्जिद में आई लव मोहम्मद और हरे झंडे के मिले पोस्टर, 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
उप्र के संभल जनपद के नखासा थाना क्षेत्र में दो दिन से हो रही बुलडोजर कार्रवाई के दौरान मस्जिद में "आई लव मोहम्मद" और पाकिस्तान जैसे हरे झंडे के पोस्टर मिले।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद के नखासा थाना क्षेत्र में दो दिन से हो रही बुलडोजर कार्रवाई के दौरान मस्जिद में "आई लव मोहम्मद" और पाकिस्तान जैसे हरे झंडे के पोस्टर मिले। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है और मुतवल्ली सहित 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बता दें कि जनपद के नखासा थाना क्षेत्र स्थित मुस्तफा कादरी मस्जिद अवैध निर्माण हटाते समय शनिवार को “आई लव मोहम्मद” लिखे पोस्टर और पाकिस्तानी झंडे जैसी प्रतीत होने वाली हरे रंग की एक झंडी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
इस मामले में मस्जिद के मुतवल्ली समेत 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह की शिकायत पर की गई है।
शिकायत के अनुसार, मस्जिद की सबसे ऊपरी मंजिल के मुख्य हॉल में रखे तख्त के गद्दे के नीचे से ए-4 आकार के 49 पोस्टर बरामद हुए, जिन पर “आई लव मोहम्मद” लिखा हुआ था।
इसके अलावा एक हरे रंग का झंडा भी मिला, जिस पर अर्धचंद्र और सितारे का निशान बना हुआ था, जो देखने में पाकिस्तानी झंडे जैसा प्रतीत हो रहा था।
पुलिस ने इस मामले में मस्जिद के मुतवल्ली सहित जाकिर पुत्र अकबर, जाकिर हुसैन पुत्र अफसर, तस्लीम पुत्र अब्दुल मजीद, भूरे अली पुत्र शब्बीर, सरफुद्दीन पुत्र मजीउद्दीन, दिलशरीफ पुत्र शरीफ अहमद तथा मोहम्मद अली पुत्र दिलबर निवासी कसौरवा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353(2) के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
बरामद सामग्री को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। रविवार को एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि नखासा थाना क्षेत्र के कसेरआ गांव स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण के दौरान यह आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थी।
उन्होंने पुष्टि की कि स्थानीय पुलिस द्वारा 8 व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि उक्त सामग्री की बरामदगी से हिंदू समुदाय के लोगों में रोष व्याप्त है तथा यह कृत्य समाज में वैमनस्य फैलाने का कारण बन सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Janmat News 
