मुजफ्फरनगर में 81 वर्षीय पुजारी की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार; तीन टीमों का गठन

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के भौराकलां थाना क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज स्थित शिव मंदिर में रहने वाले 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानन्द भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

मुजफ्फरनगर में 81 वर्षीय पुजारी की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार; तीन टीमों का गठन
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के भौराकलां थाना क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज स्थित शिव मंदिर में रहने वाले 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानन्द भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

13 अक्टूबर को हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही भौराकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावर पुजारी की गोली मारकर हत्या करने के बाद फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह और मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस तथा थाना भौराकलां पुलिस की तीन टीमों का गठन किया है। वहीं, फॉरेंसिक एवं फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्यारों के मृतक के परिचित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान के संबंध में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है।