अमेठी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो शातिर अपराधी गिरफ्तार
यूपी गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं
अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट —
अमेठी/जनमत न्यूज़। जिले के थाना अमेठी पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए यूपी गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उनकी आपराधिक गतिविधियों का लंबा इतिहास सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, थाना अमेठी पुलिस टीम द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। इस दौरान यूपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त शिवपूजन चौरसिया उर्फ शेखू एवं अतुल यादव को गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्त थाना अमेठी क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शिवपूजन चौरसिया उर्फ शेखू शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध जनपद अमेठी, प्रतापगढ़ एवं सुलतानपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे अभियुक्त अतुल यादव के विरुद्ध हत्या का प्रयास, मारपीट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 8 आपराधिक मामले पंजीकृत हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Janmat News 
