औरैया के पांडव नदी में डूबने से दो मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम
उप्र के औरैया जनपद के बेला थाना क्षेत्र के ग्राम पुर्वा भवन में रविवार को पांडव नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के बेला थाना क्षेत्र के ग्राम पुर्वा भवन में रविवार को पांडव नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पुर्वा भवन निवासी 8 वर्षीय विष्णु पुत्र धीरेन्द्र पाल और हरजू पुर्वा निवासी 8 वर्षीय अंश पुत्र सुदेश रविवार सुबह अपने चाचा धर्मेंद्र पाल के साथ भेड़ चराने गए थे। घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित पांडव नदी में दोनों बच्चे नहाने चले गए।
काफी देर तक वापस न लौटने पर धर्मेंद्र पाल ने करीब 11 बजे फोन कर घरवालों से बच्चों के बारे में जानकारी ली। घर न पहुंचने की सूचना मिलने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद उन्होंने नदी में बच्चों की तलाश शुरू की और गहरे गड्ढे में कूदकर खोजबीन की, जहां दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। परिजन उन्हें तत्काल बेला के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। इसके बाद दोनों बच्चों को मेडिकल कॉलेज कन्नौज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोपहर करीब तीन बजे घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी गंगादास गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मृतक अंश अपनी तीन बहनों अंशिका (12), शालिनी (10) और पूजा (5) का इकलौता भाई था। वहीं विष्णु के पिता धीरेन्द्र पाल रोजी-रोटी के लिए मुंबई में निजी नौकरी करते हैं और कुछ दिन पूर्व ही वहां पहुंचे थे। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।

Janmat News 
