शाहजहांपुर: दुष्कर्म केस में रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल, दरोगा निलंबित; सिपाही लाइन हाजिर
उप्र के शाहजहांपुर जनपद में दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी पक्ष से कथित तौर पर रिश्वत मांगने और रुपये न देने पर मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देने से जुड़ा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट
शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद में दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी पक्ष से कथित तौर पर रिश्वत मांगने और रुपये न देने पर मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देने से जुड़ा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
शिकायत और प्राथमिक जांच के बाद एसपी सौरभ दीक्षित ने पुवायां के कस्बा इंचार्ज/दरोगा महेंद्र प्रताप सिंह को देर रात तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इसी मामले में पुवायां के कस्बा सिपाही सुमित को भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। अचानक हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है, कि वायरल ऑडियो में दुष्कर्म के मामले से जुड़े आरोपी पक्ष से कथित तौर पर रुपये की मांग किए जाने की बात सामने आई। ऑडियो में रुपये नहीं देने पर मामले में जेल भेजने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। ऑडियो वायरल होने के बाद मामले की शिकायत अधिकारियों तक पहुंची, जिसके बाद प्राथमिक जांच कराई गई।
प्राथमिक जांच में मामला गंभीर पाए जाने पर एसपी ने दरोगा के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की, जबकि संबंधित सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया। मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।




