पतंग की डोर से शुरू हुआ विवाद बना हिंसक, आगजनी व मारपीट में 10 घायल

पतंग की डोर से गेहूं की बोरी कटने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और आगजनी की घटना में कुल 10 लोग घायल हो गए,

पतंग की डोर से शुरू हुआ विवाद बना हिंसक, आगजनी व मारपीट में 10 घायल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के भाटी खुर्द गांव में देर रात मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया। पतंग की डोर से गेहूं की बोरी कटने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और आगजनी की घटना में कुल 10 लोग घायल हो गए, जिनमें से पांच को गंभीर चोटें आने पर चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चुन्नू के परिवार की एक लड़की गेहूं की बोरी लेकर जा रही थी। इसी दौरान हसीम के परिवार का एक लड़का पास में पतंग उड़ा रहा था। पतंग की डोर बोरी से टकरा गई, जिससे बोरी फट गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पहले यह विवाद केवल आपसी बहस तक सीमित था, लेकिन पुरानी रंजिश के चलते मामला तेजी से बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले बारात में जाने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच तनातनी हुई थी। उसी विवाद की पृष्ठभूमि में यह ताजा घटना और भड़क उठी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसके बाद एक-दूसरे के छप्परों में आग लगा दी गई, जिससे कई छप्पर जलकर राख हो गए।

मारपीट में एक पक्ष से चुन्नू, शहीदुर, शाहबाज, इरशाद और कमल जहां घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से हासिम, गुड्डू, गड्डू, अकराम और गोलू के घायल होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काफी मशक्कत के बाद नियंत्रण पाया गया।

पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी प्रकार की पुनरावृत्ति न हो। अधिकारियों के अनुसार घटना के संबंध में तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।