फतेहपुर में युवती की हत्या का हैरान करने वाला खुलासा
फतेहपुर (जनमत) :- यूपी के फतेहपुर में पुलिस ने हत्या के मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल 2 मार्च 2026 को गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पैगंबरपुर बकरी में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत से बरामद हुआ था मृतका की पहचान फरजाना पुत्री इमाम खान निवासी पैगंबरपुर बकरी के रूप में हुई थी। इस मामले में सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस के मुताबिक मृतका फरजाना की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी ही मां और भाई ने मिलकर की थी। गिरफ्तार आरोपियों में अफ़साना पत्नी इमाम खान और अफसार पुत्र इमाम खान शामिल हैं।पुलिस जांच में सामने आया कि 1 और 2 मार्च की रात मृतका फरजाना को उसकी मां और भाई बहाने से घर से बाहर ले गए।
इसके बाद उसे खेत में ले जाकर जबरन सल्फास का पाउडर खिलाकर उसकी हत्या कर दी गई और शव को खेत में ही छोड़ दिया गया।हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। मां अपसाना खुद थाने पहुंची और बेटी की मौत की सूचना दी। लेकिन जब पुलिस ने मोबाइल की सीडीआर और लोकेशन की जांच की तो कई अहम सुराग हाथ लगे। पूछताछ में आखिरकार मां और भाई ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि फरजाना के प्रेम प्रसंग की जानकारी मिलने के बाद समाज में बदनामी के डर से उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया और उसकी हत्या कर दी। इस पूरे मामले में गाजीपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को टिकरी मोड़ नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।

Janmat News 
