फतेहपुर में मौरंग लदे डंपर ने छात्रा को रौंदा, 13 वर्षीय नैंसी की दर्दनाक मौत

छात्रा सड़क पार कर रही थी, तभी तेज गति से आ रहे मौरंग लदे डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि नैंसी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

फतेहपुर में मौरंग लदे डंपर ने छात्रा को रौंदा, 13 वर्षीय नैंसी की दर्दनाक मौत
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —

फतेहपुर/जनमत न्यूज। जिले के ललौली थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्रा नैंसी की मौत हो गई। मौरंग लदे तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

हादसा ललौली थाना क्षेत्र के ओती मोड़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि छात्रा सड़क पार कर रही थी, तभी तेज गति से आ रहे मौरंग लदे डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि नैंसी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए और सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने डंपर चालकों की लापरवाही और क्षेत्र में अनियंत्रित गति से दौड़ रहे भारी वाहनों पर नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि मौरंग लदे डंपर लगातार तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया। पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और डंपर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाया जाए और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।