सहारनपुर में ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 11 अलग-अलग एटीएम कार्ड बरामद
उप्र के सहारनपुर जनपद में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले एक शातिर अभियुक्त को जनकपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 अलग-अलग एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले एक शातिर अभियुक्त को जनकपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 अलग-अलग एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एटीएम मशीन के आसपास खड़े होकर लोगों को अपने झांसे में लेता था और मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल देता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले एटीएम मशीन में ऐसी चीज लगा देता था, जिससे कार्ड डालने के बाद लोगों को परेशानी होती थी।
इसके बाद वह खुद मदद करने के लिए आगे आता और एटीएम कार्ड चलाने के बहाने पीड़ित का कार्ड बदल लेता था। कार्ड अपने पास रखने के बाद आरोपी बाद में उससे जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल कर बैंक खाते से रकम निकालने की कोशिश करता था।
मामला सामने आने के बाद एक पीड़ित की शिकायत पर थाना जनकपुरी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सहारनपुर जेल चुंगी स्थित एटीएम के बाहर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि के रूप में हुई है, जो थाना चरथावल क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से 11 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके द्वारा की गई अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
इस पूरे मामले का खुलासा एसपी सिटी व्योम बिंदल ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद 11 एटीएम कार्ड के संबंध में भी जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ये कार्ड किन लोगों के हैं तथा इनके जरिए कितनी वारदातों को अंजाम दिया गया।
वहीं, एसपी सिटी ने लोगों से अपील की है कि एटीएम इस्तेमाल करते समय किसी अनजान व्यक्ति की मदद लेने से बचें और अपना एटीएम कार्ड किसी भी अनजान व्यक्ति को न सौंपें।
अगर एटीएम मशीन में किसी तरह की परेशानी आती है तो मशीन पर दिए गए अधिकृत हेल्पलाइन नंबर या संबंधित बैंक से संपर्क करें। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क तथा अन्य संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।



