उरई में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, प्रत्येक क्षेत्र में खेल मैदान विकसित करने की तैयारी

उप्र के उरई के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनपद में खेल सुविधाओं के विस्तार एवं युवाओं को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है.

उरई में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, प्रत्येक क्षेत्र में खेल मैदान विकसित करने की तैयारी
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनपद में खेल सुविधाओं के विस्तार एवं युवाओं को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए समस्त उप जिलाधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने विकास क्षेत्रों में खेल मैदान हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित कर 15 दिवस के भीतर प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल मैदानों की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए जनपद के प्रत्येक क्षेत्र में खेल अवसंरचना विकसित किए जाने की कार्यवाही प्राथमिकता पर की जाएगी, ताकि नवयुवकों एवं खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने विशेष रूप से उप जिलाधिकारी जालौन को इस कार्य में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यदि नगर क्षेत्र में भूमि चिन्हित की जाती है तो संबंधित नगरपालिका/नगर निकाय का प्रस्ताव, खसरा-खतौनी, भू-नक्शा तथा उप जिलाधिकारी की संस्तुति सहित उपलब्ध कराया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

वहीं ग्रामीण क्षेत्र में भूमि चिन्हित होने की स्थिति में भूमि प्रबंधक समिति का प्रस्ताव, उपयुक्तता प्रमाण पत्र तथा संबंधित उप जिलाधिकारी की संस्तुति सहित प्रस्ताव 15 दिवस के भीतर उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि खेल मैदानों की मांग लंबे समय से जनमानस एवं युवाओं द्वारा उठाई जा रही है।

जिला प्रशासन इस मांग को गंभीरता से लेते हुए जनहित में आवश्यक कार्यवाही करेगा, जिससे जनपद के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए पर्याप्त अवसर और आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि चिन्हांकन एवं प्रस्ताव प्रेषण की कार्यवाही समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाए।