बलिया में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर होंगे कार्यक्रम, आयोजित होगा स्वास्थ्य मेला व योग शिविर
केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून के मध्य समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के संचालन के सम्बंध में प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बलिया से गणेश तिवारी की रिपोर्ट
बलिया/जनमत न्यूज़। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून के मध्य समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के संचालन के सम्बंध में प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में उन्होंने सभी कार्यक्रमों को प्रभावी, जनसहभागिता आधारित एवं पर्यावरण अनुकूल ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, तिथियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी तथा सभी सम्बंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।
साथ ही जिलाधिकारी ने केन्द्र व राज्य सरकार की नीतियों, संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की उपलब्धियों तथा जनसामान्य के जीवन में आयें सकारात्मक परिवर्तन को सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के मूलभाव के अनुरूप प्रदर्शित करने हेतु आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की व्यवस्था के लिए सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को उनके दायित्व निर्धारित करते हुए सभी कार्यों एवं तैयारियों को समय से पूर्ण कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि अभियान की शुरुआत 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम से होगी। इस दौरान जनपद में 06 लाख 16 हजार पौधे लगाए जाएंगे।
उन्होंने निर्देश दिया कि अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेसवे, नदियों एवं नहरों के किनारों पर पौधारोपण किया जाए तथा सिटी फॉरेस्ट विकसित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। स्थानीय एवं पारंपरिक प्रजातियों के साथ फलदार वृक्षों को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों तथा सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय कर्मियों के सहयोग से वृक्षारोपण कराया जाए। साथ ही सभी कार्यक्रमों को प्लास्टिक मुक्त रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि 08 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान, 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम, 14 से 16 जून तक जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला, 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी, तथा 18 से 19 जून तक प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के व्यापक आयोजन के साथ होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत तालाबों के चारों ओर पौधारोपण की रिंग विकसित की जाए तथा गांवों की सड़कों और नदी किनारों पर अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं। उन्होंने आमजन को अभियान से जोड़ने और प्लास्टिक उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए मेले एवं अन्य आयोजनों के लिए सुरक्षित स्थलों का चयन किया जाए। कार्यक्रमों में उद्योगपतियों, व्यापारियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
साथ ही मलिन बस्तियों में जन चौपाल आयोजित कर सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए। ग्राम चौपालों में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहे। प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों के प्रति जागरूक किया जाए।
वहीं, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी तहसीलों, विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में योग कार्यक्रम आयोजित करने तथा प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने शासनादेश के अनुसार इस अभियान को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जाने हेतु सभी सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि इस अवधि में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, जिला पंचायती विभाग, उद्योग विभाग, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, स्वच्छता, कौशल विकास तथा अन्य विभाग अपने-अपने क्षेत्र से सम्बंधित योजनाओं एवं उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।
उन्होंने कार्यक्रमों के आयोजन हेतु जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराये जाने के निर्देश दिए है।
बैठक में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, बांसडीह विधायिका केतकी सिंह, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, पूर्व विधायक उपेंद्र तिवारी, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह एडीएम अनिल कुमार एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Janmat News 
