कानपुर देहात: योगी सरकार ने रसोइयों को दी बड़ी सौगात, जनपद की रसोइयों ने जताई ख़ुशी; दिया धन्यवाद
उप्र के कानपुर देहात जनपद में रसोइयों के लिए बड़ी सौगात का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट
कानपुर देहात/जनमत न्यूज़। उप्र के कानपुर देहात जनपद में रसोइयों के लिए बड़ी सौगात का कार्यक्रम आयोजित किया गया। माती स्थित ईको पार्क में जिलाधिकारी कपिल सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ मेडिकल सुविधा और दुर्घटना बीमा की घोषणा का लाइव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला रहीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिसका प्रसारण जिले की सभी तहसीलों में भी किया गया।
माती स्थित ईको पार्क में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रसोइयां पहुंचीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से प्रदेशभर के रसोइयों के लिए मानदेय बढ़ाने और अन्य सुविधाओं की शुरुआत की।
अब रसोइयों का मानदेय 2 हजार रुपये से बढ़ाकर 3 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके साथ ही रसोइयों को 5 लाख रुपये तक की मेडिकल सुविधा और 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा भी दिया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे कानपुर देहात की सभी तहसीलों में भी दिखाया गया।
रसोइयों ने मानदेय बढ़ने और मेडिकल सुविधा व दुर्घटना बीमा मिलने पर खुशी जताई। उनका कहना है कि सरकार के इस फैसले से उन्हें आर्थिक सहारा मिलेगा और भविष्य को लेकर सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ेगा।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी करते हुए इसे 2 हजार से बढ़ाकर 3 हजार रुपये कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार गरीब और जरूरतमंद वर्गों के लिए योजनाएं चला रही है, जिनका सीधा लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि सरकार के इस फैसले से रसोइयों को आर्थिक मजबूती के साथ स्वास्थ्य और दुर्घटना की स्थिति में भी सुरक्षा मिलेगी। जिले में शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार काम कर रहा है।







