चंदौली: बीच सड़क चारपहिया वाहन पर काटा जन्मदिन का केक, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
उप्र के चंदौली जनपद में बीच बाजार सड़क पर चारपहिया वाहन खड़ा कर केक काटने का वीडियो वायरल हो रहा है। आयोजन में पुलिसकर्मी की मौजूदगी पर सवाल उठ रहे हैं।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जनपद में बीच बाजार सड़क पर चारपहिया वाहन खड़ा कर केक काटने का वीडियो वायरल हो रहा है। आयोजन में पुलिसकर्मी की मौजूदगी पर सवाल उठ रहे हैं।
शिकारगंज बाजार में बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर जन्मदिन मनाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। समाजवादी पार्टी के युवा नेता और पुलिसकर्मी समेत दर्जनों लोगों की मौजूदगी में बीच सड़क पर केक काटा गया।
पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर सड़क पर जन्मदिन मनाया गया जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वायरल वीडियो में शिकारगंज पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही श्रीराम यादव के भी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
सड़क पर वाहन खड़ा होने से लंबा जाम लगने की भी जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि 8 नवंबर को शिकारगंज गांव निवासी सतीश मौर्य की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने सपाई पहुंचे थे।
पिछले वर्ष सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू का भी सड़क पर केक काटने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था। वायरल वीडियो चकिया कोतवाली क्षेत्र के शिकारगंज बाजार स्थित चकिया-अहरौरा मुख्य मार्ग का बताया जा रहा है।



