प्रतापगढ़: न्यायालय के आदेश के बावजूद भूमि पर कब्जे का आरोप, डीएम-एसपी से शिकायत; कार्रवाई की मांग
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के लोलापुर गांव में न्यायालय के आदेश के बावजूद भूमि पर कब्जा किए जाने का आरोप सामने आया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के लोलापुर गांव में न्यायालय के आदेश के बावजूद भूमि पर कब्जा किए जाने का आरोप सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, भूमि संबंधी मामले में न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित भूमि की पैमाइश कराकर पत्थर नसब की कार्रवाई की गई थी। आरोप है कि इसके बावजूद विपक्षियों ने मौके पर लगाए गए पत्थरों को उखाड़कर फेंक दिया और भूमि पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर विपक्षियों ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने अधिकारियों से शिकायत कर न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद अब पीड़ित को प्रशासनिक और पुलिस कार्रवाई का इंतजार है।







