एएमयू कैंपस में बर्थडे पार्टी के बाद युवक पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुछ युवक जन्मदिन मनाने के लिए कैंटीन आए थे और पार्टी के बाद बाहर निकलने पर एक युवक पर हमला कर दिया गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —
अलीगढ़/जनमत न्यूज। अलीगढ़ के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र स्थित Aligarh Muslim University (एएमयू) परिसर में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब बर्थडे पार्टी के बाद घर लौट रहे एक युवक पर कुछ युवकों ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एएमयू के एसएस नॉर्थ कैंटीन में पटवारी नागला निवासी युवक जुनैद का जन्मदिन मनाने के लिए करीब आठ से दस बाहरी युवक एकत्रित हुए थे। पार्टी समाप्त होने के बाद जमालपुर निवासी अर्हम पुत्र वसीम अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और अचानक उसके पेट पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अर्हम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके पेट से आंतें बाहर निकल आईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक ने अपने साथियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके दोस्तों ने तत्काल उसे उपचार के लिए Jawaharlal Nehru Medical College में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी तृतीय Sarvam Singh पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 14 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे सिविल लाइन पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुछ युवक जन्मदिन मनाने के लिए कैंटीन आए थे और पार्टी के बाद बाहर निकलने पर एक युवक पर हमला कर दिया गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Janmat News 
