कन्नौज में तेज रफ्तार अल्टो कार ने आग ताप रहे पांच लोगों को रौंदा, एक की मौत, चार गंभीर

गाजियाबाद से लखनऊ की ओर जा रही अल्टो कार अनियंत्रित होकर सीधे आग के पास बैठे लोगों पर चढ़ गई। टक्कर के बाद कार चालक और उसका साथी घटनास्थल से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने तत्काल पीछा कर दोनों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

कन्नौज में तेज रफ्तार अल्टो कार ने आग ताप रहे पांच लोगों को रौंदा, एक की मौत, चार गंभीर
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट —

कन्नौज/जनमत न्यूज। कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार अल्टो कार ने सड़क किनारे आग ताप रहे पांच लोगों को अचानक कुचल दिया। घटना बहबलपुर गांव के निकट स्थित दिलीप बाथम के मकान के पास हुई। हादसा इतना भीषण था कि आसपास अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाजियाबाद से लखनऊ की ओर जा रही अल्टो कार अनियंत्रित होकर सीधे आग के पास बैठे लोगों पर चढ़ गई। टक्कर के बाद कार चालक और उसका साथी घटनास्थल से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने तत्काल पीछा कर दोनों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

हादसे में घायल सभी पांच लोगों को तत्काल सौसैया अस्पताल, छिबरामऊ ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान 55 वर्षीय दिलीप बाथम ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, कार चालक व उसके साथी को हिरासत में लिया तथा मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।