एटा: 353 अपराधियों के घर आधी रात पुलिस की दस्तक, 54 टीमों ने एक साथ बोला धावा
उप्र के एटा जनपद में चोरी, नकबजनी और एटीएम चोरी जैसी वारदातों में शामिल रहे अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने आधी रात ऐसा अभियान चलाया कि जिलेभर में हड़कंप मच गया।
एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट
एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद में चोरी, नकबजनी और एटीएम चोरी जैसी वारदातों में शामिल रहे अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने आधी रात ऐसा अभियान चलाया कि जिलेभर में हड़कंप मच गया।
ऑपरेशन ‘खटखट’ के तहत पुलिस की 54 टीमों ने एक साथ चिन्हित अपराधियों के घरों पर दबिश दी। महज कुछ घंटों में 353 अपराधियों का सत्यापन कर पुलिस ने साफ कर दिया कि पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर अब उसकी पैनी नजर है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन में 12/13 सितंबर की रात चलाए गए इस अभियान की कमान अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह की निगरानी में संभाली गई।
पुलिस टीमों ने पिछले पांच वर्षों में चोरी, नकबजनी, एटीएम चोरी आदि की घटनाओं में संलिप्त रहे अपराधियों के घरों पर अचानक दस्तक दी। पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों और उनके परिजनों में खलबली मच गई।
353 में छह अपराधी निकले मृत
सत्यापन के दौरान पुलिस को पता चला कि चिन्हित 353 अपराधियों में से छह की मृत्यु हो चुकी है। शेष अपराधियों के संबंध में पुलिस ने उनकी वर्तमान स्थिति और गतिविधियों की जानकारी जुटाई। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ संपत्तियों और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
अपराधियों पर आगे भी गिरेगी कार्रवाई की गाज
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने साफ कहा कि अपराधियों की जांच लगातार जारी रहेगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अपराधियों को दो टूक चेतावनी दी कि कानून और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। “अपराधी या तो अपराध छोड़ दें या जनपद छोड़ दें, अन्यथा एटा पुलिस के बज्र प्रहार के लिए तैयार रहें।”
एक साथ 54 टीमों की कार्रवाई और 353 अपराधियों के सत्यापन से जिले के पुराने अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ गया है। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि ऑपरेशन खटखट की दस्तक अभी थमने वाली नहीं है।




