हरदोई में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी, देर रात फोन आने के बाद घर से निकला था

Hardoi News: हरदोई के मझिला थाना क्षेत्र में युवक बबलू उर्फ तहजीब का शव सड़क किनारे मिला। देर रात फोन आने के बाद वह घर से निकला था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

हरदोई में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी, देर रात फोन आने के बाद घर से निकला था
Published By- A.K. Mishra

Reported By- Sunil Kumar  

हरदोई/जनमत न्यूज़:- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दौलतपुर गांव निवासी बबलू उर्फ तहजीब (पुत्र मुजीब) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

देर रात फोन आने के बाद घर से निकला था युवक

परिजनों के अनुसार, बबलू शनिवार देर रात करीब 12 बजे तक घर पर मौजूद था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया, जिसके बाद वह घर से बाहर चला गया। इसके बाद पूरी रात वह घर नहीं लौटा और परिजनों का उससे संपर्क भी नहीं हो सका।

रविवार सुबह करीब 4 बजे उमरुपुर गांव के पास मुर्गा लेकर जा रहे एक युवक ने सड़क किनारे एक शव पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर मृतक बबलू निकला। इसके बाद परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही थाना मझिला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

शाहाबाद सर्किल के अपर पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने बताया कि उमरुपुर गांव के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।