मुजफ्फरनगर में शराब बिक्री पर आबकारी विभाग की सख्ती, ओवररेटिंग और गड़बड़ी पर होगी कड़ी कार्रवाई

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में शराब बिक्री व्यवस्था को पारदर्शी और नियमबद्ध बनाने के लिए आबकारी विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

मुजफ्फरनगर में शराब बिक्री पर आबकारी विभाग की सख्ती, ओवररेटिंग और गड़बड़ी पर होगी कड़ी कार्रवाई
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में शराब बिक्री व्यवस्था को पारदर्शी और नियमबद्ध बनाने के लिए आबकारी विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

जिला आबकारी अधिकारी ने सोमवार को थोक व फुटकर शराब कारोबारियों और आबकारी अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट कर दिया कि ओवररेटिंग, स्टॉक की कमी और नियमों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में निर्देश दिए गए कि शराब की बिक्री शत-प्रतिशत पॉश मशीन के माध्यम से की जाए तथा दुकानों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखा जाए। निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायत मिलने पर लाइसेंसधारकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लाइसेंसधारकों से सूचना देने की अपील की गई, जबकि आबकारी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए। दुकानों पर साफ-सफाई, ब्रांड डिस्प्ले और अभिलेखों के नियमित रखरखाव पर भी जोर दिया गया।

बैठक में कारोबारियों ने तकनीकी समस्याएं और पुलिस सत्यापन में देरी जैसे मुद्दे उठाए, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। वहीं आमजन से ओवररेटिंग या अवैध शराब की शिकायत 'जन शिकायत ऐप' के माध्यम से दर्ज कराने की अपील की गई।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि अब आबकारी विभाग की गतिविधियों की निगरानी डीएम वार रूम से की जाएगी तथा राजस्व लक्ष्य से पीछे रहने वाली दुकानों की विशेष जांच कराई जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इन कदमों से शराब बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगेगी।