औरैया: दिबियापुर में विश्व पर्यावरण दिवस पर किया वृक्षारोपण, "एक वृक्ष मां के नाम" का दिया संदेश

उप्र के औरैया जनपद में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को दिबियापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

औरैया: दिबियापुर में विश्व पर्यावरण दिवस पर किया वृक्षारोपण, "एक वृक्ष मां के नाम" का दिया संदेश
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

दिबियापुर(औरैया)/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को दिबियापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने किया। इस दौरान चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह लगभग 11 बजे हुई, जिसमें अस्पताल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. रश्मि यादव, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी विवेक त्रिवेदी, कनिष्ठ सहायक रुचि यादव, मनीषा, पलक, सोनू, संदीप सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

वृक्षारोपण के बाद आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने सभी लोगों से प्रधानमंत्री के "एक वृक्ष मां के नाम" अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन, छाया और स्वच्छ वातावरण भी प्रदान करते हैं।

डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। वृक्षों से हमें स्वच्छ एवं शुद्ध वायु प्राप्त होती है, जो हमारे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की मांग है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास हरियाली बढ़ाने का आह्वान किया।

डॉ. रश्मि यादव ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पूरे विश्व में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। भारत सहित अनेक देशों में इस अवसर पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल भी करनी होगी।

स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी विवेक त्रिवेदी ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधे की जिम्मेदारी लेकर उसकी नियमित देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे "एक वृक्ष मां के नाम" अभियान के तहत पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि हरे-भरे वृक्ष धरती मां का श्रृंगार हैं और इन्हें बचाना हम सभी का कर्तव्य है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम को लेकर अस्पताल परिसर में उत्साह का माहौल रहा और सभी ने पौधों की नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर ने पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश देते हुए लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।