मुजफ्फरनगर: नाबालिग बेटों को झूठे मामले में फंसाने का आरोप, एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव कुटबी निवासी एक व्यक्ति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने नाबालिग बेटों को एक मामले में गलत तरीके से नामजद किए जाने का आरोप लगाया है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव कुटबी निवासी एक व्यक्ति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने नाबालिग बेटों को एक मामले में गलत तरीके से नामजद किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्दोष बच्चों के खिलाफ कोई कार्रवाई न किए जाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि उसके दोनों पुत्र पढ़ाई कर रहे हैं और उनका गांव के एक युवक से मित्रतापूर्ण संबंध है। आरोप है कि 4 जून को दर्ज कराई गई एक शिकायत में गांव की रंजिश और राजनीति के चलते उसके दोनों बेटों के नाम भी शामिल कर दिए गए, जबकि उनका उक्त प्रकरण से कोई संबंध नहीं है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में संबंधित युवती ने स्वयं एक युवक के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की है। उसका दावा है कि यह वीडियो जांच अधिकारी को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे मामले के वास्तविक तथ्यों का पता चल सके।
पीड़ित ने एसएसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने से पहले किसी भी निर्दोष नाबालिग के खिलाफ कार्रवाई न की जाए। साथ ही जो भी व्यक्ति जांच में दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
वहीं, शिकायतकर्ता के अनुसार अधिकारियों ने उसे आश्वस्त किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई अथवा मुकदमा दर्ज किए जाने पर निर्णय लिया जाएगा।


