पयागपुर नगर पंचायत के विकास कार्यों में अवरोध उत्पन्न कर रहे भाजपा विधायक: पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव
उप्र के बहराइच जनपद के पयागपुर नगर पंचायत के 3 वर्ष पूरे होने पर चेयरमैन बालेन्द्र प्रताप श्रीवास्तव ने जनता के बीच रिपोर्ट कार्ड रखा।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट
बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद के पयागपुर नगर पंचायत के 3 वर्ष पूरे होने पर चेयरमैन बालेन्द्र प्रताप श्रीवास्तव ने जनता के बीच रिपोर्ट कार्ड रखा। उन्होंने कहा कि अगर स्थानीय विधायक नगर पंचायत में होने वाले विकास कार्यों में अवरोध उत्पन्न ना करे तो विकास काफी तेजी से होगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष बालेंद्र प्रताप श्रीवास्तव के भाई पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक के द्वारा नगर पंचायत में विकास कार्यों को नहीं होने दिया जा रहा है।
नगर पंचायत में जैसे ही कोई कार्य स्वीकृत होता है तभी भजपा विधायक सत्ता के बल पर उस कार्य को रुकवा देते हैं। जिससे जनता को मिलने वाली सभी सुविधाएं नही मिल पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों के बीच नगर के विकास कार्यों में 31 करोड़ रुपये खर्च किये गए हैं अगर विधायक जी साथ देते तो अब तक सैकड़ों करोड़ से काफी विकास किया गया होता।
पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा विधायक को नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ कदम से कदम मिलाकर विकास कार्यों को करना चाहिए लेकिन भाजपा विधायक जनता का विकास नही चाहते।
यही वजह है कि हर काम मे अवरोध उत्पन्न कर विकास कार्यों में रोड़ा पैदा कर रहे हैं। आपको बता दें कि पिछले 3 वर्षों से भाजपा विधायक और नगर पंचायत अध्यक्ष के बीच नूराकुश्ती का खेल जारी है।


