प्रतापगढ़: बाइक खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, वीडियो वायरल; पुलिस कर रही जांच

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र में राजपाल टंकी चौराहे के पास बाइक खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और बीच सड़क पर मारपीट शुरू हो गई।

प्रतापगढ़: बाइक खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, वीडियो वायरल; पुलिस कर रही जांच
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र में राजपाल टंकी चौराहे के पास बाइक खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और बीच सड़क पर मारपीट शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे और चप्पलें चलीं। सड़क पर खुलेआम हुई इस मारपीट से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, बड़ी संख्या में लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने बीच-बचाव का प्रयास नहीं किया।

इस घटना का एक राहगीर ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बीच सड़क पर बेखौफ होकर मारपीट की जा रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने एक पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई, जबकि दूसरा पक्ष मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बना रहा।