लखनऊ में ‘Writer Youth Parliament 2026’ भव्य आयोजन, युवाओं ने ‘शिक्षा और AI’ पर रखी बेबाक राय
उप्र की राजधानी लखनऊ में Writer Connect India के तत्वावधान में आयोजित ‘Writer Youth Parliament 2026’ का लाइव डिजिटल सत्र पूरे उत्साह, गरिमा और संसदीय मर्यादा के साथ संपन्न हुआ।
लखनऊ से ए. के. मिश्रा की रिपोर्ट
लखनऊ/जनमत न्यूज़। उप्र की राजधानी लखनऊ में Writer Connect India के तत्वावधान में आयोजित ‘Writer Youth Parliament 2026’ का लाइव डिजिटल सत्र पूरे उत्साह, गरिमा और संसदीय मर्यादा के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में देशभर से युवा सांसदों (Youth MPs) ने हिस्सा लिया और समकालीन शिक्षा व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका को लेकर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान सदन में “The Role of Artificial Intelligence in the Future of Education” विषय पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी, तार्किक और विचारोत्तेजक बहस देखने को मिली।
युवा सांसदों ने शिक्षा के क्षेत्र में AI के बढ़ते प्रभाव, इसके संभावित लाभों के साथ-साथ इससे जुड़ी चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर अपनी राय रखी।
सत्र में प्रतिभागियों ने इस बात पर चर्चा की कि AI किस तरह विद्यार्थियों के सीखने के तरीके, शिक्षकों की भूमिका और शिक्षा की पहुंच को प्रभावित कर सकता है।
वहीं, तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच मानवीय मूल्यों, रचनात्मकता और जिम्मेदार तकनीकी उपयोग को बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
Writer Youth Parliament 2026 का संचालन संस्थापक एवं प्रेसिडेंट अनमोल जैन, सेक्रेटरी-जनरल मानसी जैन, स्पीकर ऋचा, प्रोटोकॉल एवं कोऑर्डिनेटर हेड फरीहा अंजुम, कमेटी हेड वर्षा श्रीवास्तव, पार्लियामेंट अफेयर्स हेड संस्कृति श्रीवास्तव और प्रेस सेक्रेटरी स्तुति आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम में युवाओं ने संसदीय प्रक्रिया और मर्यादा का पालन करते हुए अपनी बात मजबूती के साथ रखी। डिजिटल माध्यम से आयोजित इस पहल ने युवाओं को समसामयिक मुद्दों पर अपनी सोच और तर्क प्रस्तुत करने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराया।
Writer Connect India की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, तार्किक सोच और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति समझ को बढ़ावा देना रहा। ‘शिक्षा और AI’ जैसे भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बनाया।




