ओडिशा में बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत, 10 घायल; एक ही परिवार के 8 लोग झुलसे
ओडिशा के विभिन्न जिलों में सोमवार को आए तेज आंधी-तूफान और वज्रपात ने कहर बरपाया। बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए।
भुवनेश्वर/जनमत न्यूज़। ओडिशा के विभिन्न जिलों में सोमवार को आए तेज आंधी-तूफान और वज्रपात ने कहर बरपाया। बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए।
कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित रहा और लोगों में दहशत का माहौल देखा गया। सबसे अधिक असर केन्दुझर जिले में देखने को मिला, जहां वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई।
घटागांव ब्लॉक के गदाधरपुर पंचायत स्थित अर्जुनबिला गांव में खेत में काम कर रही कमसला सेठी पर बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना में सुनाफुला सेठी और रश्मिता सेठी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों का उपचार घटागांव अस्पताल में चल रहा है।
बिजली गिरने से दो की मौत
वहीं, हाटादिही ब्लॉक के नंदीपाड़ा थाना क्षेत्र के दिमिरिया गांव में मिथुन राउल की ट्रैक्टर चलाते समय वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। मयूरभंज जिले में भी बिजली गिरने से दो किसानों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान मोराडा थाना क्षेत्र के घोलमुहा गांव निवासी जाबा बास्के (62) और परियाकुली गांव निवासी रबिंद्र बेहरा उर्फ बापुन (36) के रूप में हुई है। दोनों किसान खेतों में काम कर रहे थे, तभी अचानक वज्रपात की चपेट में आ गए।
बकरी चराते समय गिरी बिजली
कटक जिले के नरसिंहपुर ब्लॉक के देबाभुई पंचायत अंतर्गत नुगांव गांव में भी एक दुखद घटना सामने आई। यहां देबरशन साहू (55) गांव के समीप बकरियां चरा रहे थे, तभी उन पर बिजली गिर गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
उधर, बालेश्वर जिले के नीलगिरी क्षेत्र में रात के समय वज्रपात से एक घर प्रभावित हो गया। हादसे में एक ही परिवार के आठ सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में तीन बकरियों की भी मौत हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में सक्रिय आंधी-तूफान और वज्रपात की गतिविधियों के कारण ये हादसे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।


