ओडिशा में भीषण गर्मी के चलते कई स्कूल बंद, पारा 45 डिग्री पहुंचने का अनुमान; IMD का अलर्ट

ओडिशा में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा तथा हालात असहनीय हो सकते हैं।

ओडिशा में भीषण गर्मी के चलते कई स्कूल बंद, पारा 45 डिग्री पहुंचने का अनुमान; IMD का अलर्ट
Published By- Diwaker Mishra

भुवनेश्वर/जनमत न्यूज़। ओडिशा में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा तथा हालात असहनीय हो सकते हैं।

झुलसा देने वाली लू और तपती हवाओं से दिन ही नहीं, रात में भी लोगों को राहत नहीं मिलेगी। खासकर पश्चिमी ओडिशा में गर्मी का असर सबसे अधिक देखने को मिलेगा, जबकि तटीय इलाकों में उमस लोगों की परेशानी बढ़ाएगी।

मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में रोजाना 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। भीषण लू की आशंका को देखते हुए बलांगीर और कालाहांडी जिलों में सभी शिक्षण संस्थानों को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है, जबकि सोनपुर में चार दिन की छुट्टी घोषित की गई है।

19 अप्रैल तक हालात गंभीर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 अप्रैल को टिटिलागढ़, संबलपुर और झारसुगुड़ा में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।वहीं बलांगीर, सुंदरगढ़ और भवानीपटना में 44 डिग्री तथा सोनपुर, नुआपड़ा, बौद्ध और बरगढ़ में 43 डिग्री रहने की संभावना है।

19 अप्रैल को भी हालात गंभीर बने रहेंगे। टिटिलागढ़, संबलपुर, झारसुगुड़ा और नुआपड़ा में पारा 45 डिग्री तक जा सकता है, जबकि बलांगीर, भवानीपटना और सुंदरगढ़ में 44 डिग्री दर्ज होने का अनुमान है। बौद्ध, सोनपुर और बरगढ़ में तापमान 43 डिग्री के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग ने 20 और 21 अप्रैल के लिए भी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पश्चिमी ओडिशा के अधिकांश इलाकों में तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच बना रहेगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।