मुजफ्फरनगर में दहेज उत्पीड़न का आरोप, मारपीट से गर्भपात—पीड़िता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
पीड़िता खुशी पंवार का विवाह 8 जनवरी 2022 को शुमार उर्फ बंटी पुत्र सुशील निवासी आर्यपुरी भूड़ गंगधारी, खतौली के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। जनपद के खतौली थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट और गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता खुशी पंवार का विवाह 8 जनवरी 2022 को शुमार उर्फ बंटी पुत्र सुशील निवासी आर्यपुरी भूड़ गंगधारी, खतौली के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के समय उसके मायके पक्ष द्वारा करीब 4 लाख रुपये दहेज के रूप में दिए गए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती रही।
महिला का कहना है कि पति, सास, ससुर और देवर द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई, जिसकी सूचना उसने पुलिस को दी थी।
पीड़िता के अनुसार, 21 मार्च और 8 अप्रैल 2026 को उसके साथ गंभीर मारपीट की गई, जिसके बाद उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया।
आरोप है कि 11 अप्रैल 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए पहले खतौली और फिर जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर में भर्ती कराया गया। पीड़िता का दावा है कि इस मारपीट के कारण उसका गर्भपात हो गया।
पीड़िता ने महिला हेल्पलाइन 1090 पर भी शिकायत दर्ज कराई है और अब पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
