अयोध्या में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़: बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना, दो शातिर गिरफ्तार

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली रूदौली पुलिस ने “अभियान त्रिनेत्र” के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

अयोध्या में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़: बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना, दो शातिर गिरफ्तार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —

अयोध्या/जनमत न्यूज। जनपद अयोध्या में पुलिस ने बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर लूट व ठगी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस संबंध में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक बलवंत चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली रूदौली पुलिस ने “अभियान त्रिनेत्र” के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

ग्रामीण एसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा हुआ है। 19 जनवरी 2026 को बाबा बाजार क्षेत्र में एक 85 वर्षीय महिला से नाक का बूंदा छीना गया था। इसके बाद 31 जनवरी 2026 को जनपद बाराबंकी के थाना कोठी क्षेत्र में एक 75 वर्षीय महिला से पर्स और मटर माला ठगी गई थी। वहीं 14 फरवरी 2026 को रूदौली क्षेत्र में एक अन्य 75 वर्षीय महिला से नाक का बूंदा छीने जाने की घटना सामने आई थी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों के कब्जे से लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली है। बरामद सामान में दो नाक के बूंदे, एक मटर माला, एक पर्स, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल शामिल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह सुनसान स्थानों या भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अकेली बुजुर्ग महिलाओं को टारगेट करता था और झांसा देकर या झपट्टा मारकर जेवर व अन्य सामान लूट लेता था। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और सटीक निगरानी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।