पीलीभीत: राशन कार्ड के नाम पर आपूर्ति कार्यालय में दबंगई, पूर्ति निरीक्षक को पीटा; मुकदमा दर्ज
उप्र के पीलीभीत जनपद में सरकारी कार्यालय में ड्यूटी कर रहे एक अधिकारी के साथ मारपीट और अभद्रता का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पीलीभीत से प्रेम पाठक की रिपोर्ट
पीलीभीत/जनमत न्यूज़। उप्र के पीलीभीत जनपद में सरकारी कार्यालय में ड्यूटी कर रहे एक अधिकारी के साथ मारपीट और अभद्रता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राशन कार्ड से बेटे का नाम हटवाने पहुंचे एक शख्स को जब विभागीय नियम समझाए गए तो वह इस कदर आगबबूला हो गया कि उसने कार्यालय में ही जमकर हंगामा शुरू कर दिया।
आरोप है कि शख्स ने पूर्ति निरीक्षक के साथ मारपीट की, उनका मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। सरकारी कार्यालय में हुई इस घटना से कर्मचारियों में खलबली मच गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला अमरिया आपूर्ति कार्यालय का है। यहां तैनात पूर्ति निरीक्षक मोहम्मद अनस ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 25 नवंबर को वह कार्यालय में बैठकर सरकारी कामकाज निपटा रहे थे।
इसी दौरान दोपहर करीब ढाई बजे हररायपुर गांव निवासी मुकेश कुमार कार्यालय पहुंचा। उसने अपने बेटे का नाम राशन कार्ड से हटवाने के लिए आवेदन पत्र दिया। पूर्ति निरीक्षक ने जब आवेदन का कारण पूछा तो युवक ने बताया कि उसके बेटे की सरकारी नौकरी लग गई है।
इस पर अधिकारी ने उसे खाद्य एवं रसद विभाग के नियमों के अनुसार प्रक्रिया समझाई। बताया कि संबंधित परिस्थितियों में केवल बेटे का नाम हटाने के बजाय नियमानुसार पूरे राशन कार्ड के निरस्तीकरण की कार्रवाई करनी होगी।
नियम बताए तो अधिकारी पर ही टूट पड़ा युवक
आरोप है कि विभागीय प्रक्रिया की जानकारी मिलते ही युवक का पारा चढ़ गया। उसने पूर्ति निरीक्षक के साथ बहस शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ गया कि युवक ने आवेदन पत्र छीनने का प्रयास किया।
विरोध करने पर कथित तौर पर पूर्ति निरीक्षक के साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया। आरोप है कि जाते-जाते युवक अधिकारी को जान से मारने की धमकी भी दे गया।
कार्यालय में अचानक हुए इस घटनाक्रम से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूर्ति निरीक्षक ने अन्य कर्मचारियों को सूचना देकर बुलाया और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई।
सरकारी कार्य में बाधा समेत कई आरोपों में मुकदमा
पुलिस ने पूर्ति निरीक्षक मोहम्मद अनस की शिकायत के आधार पर मुकेश कुमार के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि थाना अमरिया पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे।
सरकारी कार्यालय में अधिकारी के साथ कथित मारपीट की इस घटना ने सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यालयों में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



