औरैया: फिल्म 'सूबेदार' में दिबियापुर के मोहित त्रिपाठी का जोरदार अभिनय, मुख्य किरदार में हैं अनिल कपूर

5 मार्च को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज के बाद देश में धूम मचा रही ढाई घंटे की फिल्म सूबेदार में उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर के मोहित त्रिपाठी भी खास भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं।

औरैया: फिल्म 'सूबेदार' में दिबियापुर के मोहित त्रिपाठी का जोरदार अभिनय, मुख्य किरदार में हैं अनिल कपूर
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। 5 मार्च को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज के बाद देश में धूम मचा रही ढाई घंटे की फिल्म सूबेदार में उप्र के औरैया जनपद के दिबियापुर के मोहित त्रिपाठी भी खास भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। फिल्म में लीड रोल कर रहे जाने-माने अभिनेता अनिल कपूर की बेटी के बॉयफ्रेंड का किरदार मोहित त्रिपाठी को मिला है।

दिबियापुर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से स्कूली शिक्षा हासिल करने के बाद मोहित ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से ग्रेजुएशन किया और साथ ही वहां थिएटर सोसायटी द फेयर्स में जुड़कर अभिनय की बारीकियां सीखीं।

शुरुआत में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। हालांकि फिर एड फिल्मों में उन्हें काम मिलने लगा। करीब 15 साल तक दिल्ली में ही थिएटर में काम करने के बाद उन्होंने वर्ष 2023 में मुंबई की राह पकड़ी और फिर अपना फिल्मी सफर तय किया।

उन्होंने छोटे पर्दे की फीचर फिल्म सबका साईं, ऑस्कर प्रीलिम्स में गई फिल्म मौन व कुछ अन्य फिल्मों में भी अभिनय किया है। इसी 5 मार्च को ओटीटी प्लेटफार्म प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई फिल्म सूबेदार में दिबियापुर के मोहित त्रिपाठी ने भी अपने अभिनय की छाप छोड़ी है।

हालांकि ढाई घंटे की यह फिल्म पूरी तरह से अभिनेता अनिल कपूर के कंधों पर टिकी है। फिल्म में अभिनेत्री राधिका मदान जहां अनिल कपूर की बेटी श्यामा का किरदार निभा रही हैं वहीं मोहित इस फिल्म में श्यामा के बॉयफ्रेंड के रूप में उसकी लगातार केयर करता है।

फिल्म की स्टोरी के अनुसार अर्जुन (अनिल कपूर) सूबेदार के पद से रिटायर होकर अपनी बेटी के साथ रहता है, जबकि अर्जुन की पत्नी की एक्सीडेंट में मौत हो चुकी है। अर्जुन रेत माफिया और भ्रष्टाचार से लड़ते हुए अपने सम्मान और बेटी की रक्षा कैसे करता है, यही कहानी है। मोहित श्यामा की देखभाल करता है और उसके नजदीक आ जाता है।