हरदोई में आटो चालक को मिला 38.5 करोड़ लेन-देन का IT का नोटिस, नोटिस देख उड़े होश

उप्र के हरदोई जनपद के अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम गंजहाखेड़ा मजरा कुकुरा के एक आटो चालक को इनकम टैक्स विभाग से 38.5 करोड़ रुपये का लेन-देन करने और उसका आयकर रिटर्न न भरने का नोटिस मिला है।

हरदोई में आटो चालक को मिला 38.5 करोड़ लेन-देन का IT का नोटिस, नोटिस देख उड़े होश
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम गंजहाखेड़ा मजरा कुकुरा के एक आटो चालक को इनकम टैक्स विभाग से 38.5 करोड़ रुपये का लेन-देन करने और उसका आयकर रिटर्न न भरने का नोटिस मिला है।

भारी भरकम टैक्स नोटिस देख उसके होश उड़ गये है।जब उसने वकील के माध्यम से जानकारी करायी तो पता चला कि उसके आधार कार्ड पैन कार्ड और फोटो का दुरुपयोग किया गया है।

दरअसल, गंजहाखेड़ा निवासी 52 वर्षीय रामपाल दिल्ली में ऑटो चलाता है और उसकी मां का 3 वर्ष पहले निधन हो गया था। दिल्ली में गाड़ी बुक करने के लिए वह मोबाइल पर बात कर रहा था उसी समय मोबाइल कान से छिन गया था।इस मोबाइल में पैन कार्ड आधार कार्ड फोटो थीं।

कुछ दिन पहले गांव के टेलर रजनीश को डाकिया एक चिट्ठी दे गया।टेलर ने वह चिट्ठी उसको भेजी तो उसने देखा कि तो वह 38.5 करोड़ रुपये का लेन-देन करने और उसका इनकम टैक्स रिटर्न न भरने की नोटिस आयकर विभाग से थी।

इसके बाद रामपाल ने हाईकोर्ट के वकील को दिखाया तो उन्होंने पैन कार्ड से डिटेल निकलवाई तो पता चला कि सत्र 2023-24 में 7.5 करोड़ और सत्र 2024-25 में 31 करोड़ का लेनदेन हुआ है।रामपाल को यह पता ही नहीं चला और उसके पैन कार्ड से 38.5 करोड़ का लेनदेन किया गया है।

अब इनकम टैक्स ने आयकर रिटर्न न भरने की नोटिस दी है। दिल्ली में 15 वर्षों से रामपाल अपनी पत्नी रामलली के साथ रहकर ई रिक्शा चलाता है। और पत्नी घरों में झाड़ू पोंछा करती है गांव में उसके पास एक बीघा खेत है जिस पर किसानी होती है।