चंदौली: कस्तूरबा विद्यालय में शिक्षिका पर गंभीर आरोप, छात्राओं ने लगाया उत्पीड़न का आरोप; कार्रवाई की मांग

उप्र के चंदौली जनपद के नौगढ़ तहसील क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एक शिक्षिका पर छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

चंदौली: कस्तूरबा विद्यालय में शिक्षिका पर गंभीर आरोप, छात्राओं ने लगाया उत्पीड़न का आरोप; कार्रवाई की मांग
Published By- Diwaker Mishra

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जनपद के नौगढ़ तहसील क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एक शिक्षिका पर छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं।

छात्राओं का कहना है कि शिक्षिका द्वारा उनके साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न किया जाता है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

छात्राओं के मुताबिक, आरोपित शिक्षिका रात के समय उन्हें अपने कमरे में बुलाकर सिर दबवाने का दबाव बनाती हैं। मना करने पर चप्पल से मारने की धमकी दी जाती है। इसके अलावा छात्राओं से पानी भरवाने सहित कई निजी काम भी कराए जाने का आरोप है।

छात्राओं ने यह भी बताया कि पढ़ाई के दौरान शिक्षिका अपमानजनक टिप्पणी करती हैं, जिससे उन्हें मानसिक रूप से परेशान होना पड़ता है। वहीं, वार्डन के साथ भी शिक्षिका के अभद्र व्यवहार की बात सामने आई है।

छात्रा का बयान:

मैडम हमें रात में बुलाती हैं और सिर दबाने को कहती हैं। मना करने पर मारने की धमकी देती हैं। हम लोग काफी डरे हुए हैं और पढ़ाई भी ठीक से नहीं कर पा रहे हैं।

वार्डन का बयान:

मुझे भी कई बार शिक्षिका के व्यवहार को लेकर शिकायत मिली है। छात्राओं के साथ ऐसा व्यवहार बिल्कुल गलत है। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।

घटना से नाराज छात्राओं ने प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी जांच में जुट गए हैं और जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।