अयोध्या: अवध विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में सम्मिलित हुईं राज्यपाल, युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील

उप्र के अयोध्या जनपद के डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय का 31वां दीक्षांत समारोह राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में आयोजित हुआ।

अयोध्या: अवध विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में सम्मिलित हुईं राज्यपाल, युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद के डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय का 31वां दीक्षांत समारोह राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में आयोजित हुआ। समारोह में 1 लाख 66 हजार 55 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। साथ ही उपाधियों और अंकपत्रों को डिजिलॉकर पर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया।

इस दौरान 120 स्वर्ण पदक दिए गए, जिनमें 86 छात्राओं और 34 छात्रों ने बाजी मारी। राज्यपाल ने छात्राओं की उपलब्धि को बदलते भारत की तस्वीर बताया। दीक्षांत समारोह में इस बार दो नई परंपराएं शुरू की गईं।

स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के माता-पिता और अभिभावकों को भी मंच पर बुलाकर सम्मान दिया गया। वहीं, पदक विजेताओं का संपूर्ण परीक्षा परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया। हालांकि इस बार सरस्वती प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलन की परंपरा नहीं निभाई गई।

कला एवं शिल्प के क्षेत्र में योगदान के लिए श्री भग्गालाल कुमार को विद्यावाचस्पति की मानद उपाधि दी गई, जबकि चार शिक्षकों को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार मिला।

राज्यपाल ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा युवा शक्ति नहीं, बल्कि उसकी सबसे बड़ी कमजोरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को नौकरी तक सीमित न रखकर शोध, नवाचार, कौशल और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का आह्वान किया।