औरैया: ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल के छात्रों ने बढ़ाया विद्यालय का सम्मान, हासिल किए 90% से अधिक अंक
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल (GVPS) औरैया के दिबियापुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
दिबियापुर(औरैया)/जनमत न्यूज़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल (GVPS) औरैया के दिबियापुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा, जो उसकी मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है।
इस वर्ष 15 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर डिस्टिंक्शन श्रेणी में स्थान बनाया, जिससे विद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
परीक्षा परिणाम में छात्रा उत्कर्ष ने 96.8% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। आरुही ने 96.2% अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि शीतल ने 95.8% अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा सुनंदा (95.6%), वैष्णवी (93.6%), संध्या (93.4%), प्रतीक (92.4%), मन्नत (92.6%), अधिकीर्ति (91.6%), नैन्सी (91.8%), मनस्वी (92.2%), आयुष (92.2%), सुकीर्ति (92%), हिमांशु (90.8%), गरिमा (91.6%) सहित अनेक विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इन विद्यार्थियों की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
विद्यालय के प्रबंधक नवनीत गुप्ता ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देता रहा है।
वहीं प्रधानाचार्य राजेश मिश्र ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल, दिबियापुर के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि क्षेत्र के शैक्षिक स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने का संकल्प लिया है।

Janmat News 
