रायबरेली: सोशल मीडिया पर भाजपा मंडल अध्यक्ष को दी धमकी, आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार

उप्र के रायबरेली जनपद में सोशल मीडिया पर भाजपा नेता को धमकी देने का मामला सामने आया है।

रायबरेली: सोशल मीडिया पर भाजपा मंडल अध्यक्ष को दी धमकी, आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद में सोशल मीडिया पर भाजपा नेता को धमकी देने का मामला सामने आया है। बछरावां थाना क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिओम चतुर्वेदी को फेसबुक के माध्यम से धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि बीते शनिवार आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट के जरिए भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिओम चतुर्वेदी को धमकी भरा संदेश भेजा था।

जैसे ही इस मामले की जानकारी पुलिस को हुई, बछरावां थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद मामले की जांच के लिए रायबरेली की एसओजी टीम को भी लगाया गया, जिसने सोशल मीडिया अकाउंट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान जिला बदर अपराधी सलाउद्दीन के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए लखनऊ के मुंशीपुलिया इलाके में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे रायबरेली लाकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने भाजपा नेता को धमकी क्यों दी और उसके पीछे क्या मंशा थी? साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस मामले में कोई और व्यक्ति भी शामिल तो नहीं है।