आजाद समाज पार्टी के प्रदेश महामंत्री यशवंत मौर्य ने महिला आरक्षण पर सरकार को घेरा
सरकार केवल चुनावी लाभ के लिए महिलाओं के अधिकारों की बात करती है, जबकि जमीनी स्तर पर महिला सशक्तिकरण के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —
अयोध्या/जनमत न्यूज। जनपद अयोध्या में आजाद समाज पार्टी के प्रदेश महामंत्री यशवंत मौर्य ने प्रेस वार्ता कर महिला आरक्षण के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने महिला आरक्षण बिल को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि सरकार केवल चुनावी लाभ के लिए महिलाओं के अधिकारों की बात करती है, जबकि जमीनी स्तर पर महिला सशक्तिकरण के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने 51 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसा प्रावधान होना चाहिए, जिससे सभी वर्गों की महिलाओं को समान रूप से लाभ मिल सके।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शिल्पी कुशवाहा और निशा विश्वकर्मा की हत्या जैसी घटनाएं बेहद दुखद हैं, लेकिन अब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे सरकार के दावों पर प्रश्नचिह्न लगते हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की कि इन मामलों में जल्द सख्त कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आजाद समाज पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर सुनील शर्मा (जिला प्रभारी), सुनील सेन (जिला उपाध्यक्ष), राम निहोर निषाद, विक्रम चौधरी, दीपक रावत, शकील अहमद, इंद्रजीत मौर्य, सुरजीत रावत (जिला सचिव), राम दयाल, राम गरीब पासवान, जेपी शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Janmat News 
