यूपी भाजपा में बड़े फेरबदल के संकेत, नितिन नवीन ने दोनों डिप्टी सीएम को बुलाया दिल्ली
उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ने दोनों डिप्टी सीएम को दिल्ली बुलाया है। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नई कार्यकारिणी और संगठनात्मक फेरबदल पर मंथन जारी है।
लखनऊ/जनमत न्यूज़: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। योगी मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार की चर्चाओं के बीच अब पार्टी का फोकस प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव और नई टीम के गठन पर केंद्रित हो गया है। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन ने प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों को दिल्ली तलब किया है, जिससे संगठन में बड़े फेरबदल की अटकलें और तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की नई कार्यकारिणी को अंतिम रूप देने की दिशा में लगातार मंथन कर रहा है। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर जारी है और संगठन में विभिन्न पदों पर नए चेहरों को मौका देने के साथ-साथ सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पार्टी 2024 लोकसभा चुनाव के अनुभवों और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार कर रही है। संगठन में पिछड़ा वर्ग, दलित, युवा और महिला प्रतिनिधित्व को बढ़ाने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के प्रभावशाली नेताओं को जिम्मेदारी देने पर भी विचार किया जा रहा है।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कार्यकारिणी में कई नए चेहरों की एंट्री हो सकती है, जबकि कुछ मौजूदा पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव भी संभव है। संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यापक पुनर्गठन की तैयारी चल रही है।
माना जा रहा है कि दिल्ली में हुई बैठकों के बाद जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी और संगठन के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों को लेकर आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। भाजपा नेतृत्व का उद्देश्य 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को पूरी तरह सक्रिय और चुनावी मोड में लाना है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी दिनों में होने वाले संगठनात्मक बदलाव उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकते हैं और भाजपा की चुनावी रणनीति की दिशा तय करेंगे।


