अयोध्या में मार्ग चौड़ीकरण की जद में आए 11 घरों पर बुलडोजर कार्रवाई, सपा ने साधा निशाना
उप्र के अयोध्या जनपद में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण की जद में आए 11 घरों पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद सियासत तेज हो गई है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण की जद में आए 11 घरों पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद सियासत तेज हो गई है। कार्रवाई के विरोध में सपा के पूर्व मंत्री पवन पांडे पहले पीड़ित परिवारों से मिले और उनकी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत कराई।
इसके बाद सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भी जनौरा नाका पहुंचकर बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। अवधेश प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर कदम पर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद ने भाजपा सरकार पर लोगों का दमन करने और घर गिराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोगों के घर गिराना कतई ठीक नहीं है और सपा पीड़ितों की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेगी।
पीड़ित भाजपा नेता मुरारी यादव के पार्टी छोड़ने के सवाल पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि वह उन्हें पार्टी छुड़वाने नहीं गए थे, बल्कि केवल पीड़ितों से मुलाकात करने पहुंचे थे।
मामला जनौरा नाका के पास 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण से जुड़ा है, जहां मार्ग की जद में आए मकानों पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। वहीं राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर अवधेश प्रसाद ने जांच को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि जांच टीम ने बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की और छोटे लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। अवधेश प्रसाद ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी की लड़ाई जारी है और आगे भी पार्टी इस मुद्दे को उठाती रहेगी।



