बलरामपुर: CM की माता पर टिप्पणी से भड़के भाजपा कार्यकर्ता, फूंका मौलाना का पुतला; FIR दर्ज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर उप्र के बलरामपुर जनपद में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर उप्र के बलरामपुर जनपद में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।
रविवार शाम भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए शहर में जुलूस निकाला और वीर विनय चौराहे पर बिहार के मौलाना अब्दुल सलीम का पुतला दहन किया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष की शिकायत पर नगर कोतवाली में आरोपी मौलाना के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद सभी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में वीर विनय चौराहे पहुंचे।
यहां कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई कथित टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी मौलाना के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और पुतला फूंका। भाजपा नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री की माता के खिलाफ की गई टिप्पणी बेहद निंदनीय और अस्वीकार्य है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का लोकतांत्रिक समाज में कोई स्थान नहीं है और इस तरह के बयान देने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुखिया होने के साथ-साथ गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर भी हैं। उनकी माता के खिलाफ की गई टिप्पणी से प्रदेशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र की तहरीर पर नगर कोतवाली में बिहार निवासी मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, गैसड़ी के निवर्तमान विधायक शैलेष कुमार सिंह शैलू, पूर्व जिला अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सिंह गुड्डू, ब्लॉक प्रमुख महिपाल चौधरी, डीपी सिंह बैस,
वरुण सिंह मोनू, डॉ. अजय सिंह पिंकू, अवधेश तिवारी तरुण, संदीप वर्मा, अवधेश पांडेय, प्रभात सिंह, शैलेंद्र सिंह, संदीप उपाध्याय, राकेश गुप्ता, राकेश कश्यप, अमन बंसल, रजनीश पांडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Janmat News 
