बलरामपुर: डीएवी कॉलेज में अध्यापक से मारपीट का प्रबंधक पर आरोप, फर्जी नियुक्ति का पहले से दर्ज है केस
उप्र के बलरामपुर जनपद के नगर क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के डीएवी इंटर कॉलेज में विद्यालय प्रबंधक संजय तिवारी पर एक अध्यापक के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के नगर क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के डीएवी इंटर कॉलेज में विद्यालय प्रबंधक संजय तिवारी पर एक अध्यापक के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद विद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया है।
पीड़ित अध्यापक की पहचान अशोक कुमार तिवारी के रूप में हुई है, जो डीएवी इंटर कॉलेज में कार्यरत हैं। अध्यापक का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधक संजय तिवारी ने पुराने विवाद को लेकर उनके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी प्रबंधक द्वारा उनका वेतन रोका गया था और अभद्र व्यवहार किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, संजय तिवारी समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता हैं। उनके खिलाफ फर्जी नियुक्ति के एक मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है, जिसकी जांच फिलहाल चल रही है। इस फर्जी नियुक्ति मामले में उनके साथ कई अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
अध्यापक द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
फिलहाल स्कूल में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। विद्यालय में ताला लगा हुआ है जिसके बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
