हरदोई: 3 इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो सिपाही भी घायल; डकैती की घटना में थे वांछित

उप्र के हरदोई के शाहाबाद इलाके में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हो गयी। इस मुठभेड़ में लूट की घटना में वांछित 25-25 हजार के इनामी 2 बदमाश घायल हो गए जबकि तीसरा भी गिरफ्तार कर लिया गया।

हरदोई: 3 इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो सिपाही भी घायल; डकैती की घटना में थे वांछित
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई के शाहाबाद इलाके में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हो गयी। इस मुठभेड़ में लूट की घटना में वांछित 25-25 हजार के इनामी 2 बदमाश घायल हो गए जबकि तीसरा भी गिरफ्तार कर लिया गया। सभी बदमाश पीलीभीत जनपद के रहने वाले है।

प्रभारी निरीक्षक शाहाबाद समेत 22 पुलिस कर्मियों की टीम से हुई मुठभेड़ में दो सिपाही भी घायल हुए है। सभी को इलाज के लिये अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने 17 हजार 520 रुपये नगदी व 3 तमंचे 5 खोखा और 5 कारतूस बरामद किए है। यह सभी 10 फरवरी को मलकापुर में हुई डकैती में वांछित थे।

मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण ने बताया कि 10 फरवरी को शाहाबाद क्षेत्र के मलकापुर में अनीस खां के घर अज्ञात व्यक्ति घुस गए तथा उन्हें बंधक बनाकर घर में रखे 30 हजार रुपए नगदी व आभूषण ले गए थे।मामले में 5 अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था।

एसपी अशोक कुमार मीणा के साथ आईजी ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया था और खुलासे के लिए टीमों को लगाया था। एसपी के द्वारा घटना में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु 25-25 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया गया था।

अपर पुलिस अधीक्षक सर्किल शाहाबाद ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक शाहाबाद समेत 22 पुलिस कर्मियों की टीम वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी इसी बीच मुखबिर द्वारा सूचना दी गयी कि डकैती से सम्बंधित लोग शाहाबाद निर्माणाधीन बाईपास के पास बाग में मौजूद है।

पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गयी जिसपर बाग में मौजूद व्यक्तियों द्वारा खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ फायरिंग की गयी।

इसमें यादराम उर्फ यादा पुत्र माखन लाल,धर्मेन्द्र गिरी पुत्र हरपाल गिरी निवासी नौगमा पकडिया थाना सुनगढी जनपद पीलीभीत दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गए तथा समोल मण्डल पुत्र उपेन मण्डल निवासी भरतपुर थाना न्यूरिया जनपद पीलीभीत को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।

इस दौरान थाना शाहाबाद पर तैनात सिपाही मंगेश व मनोज भी घायल हो गए।घायल पुलिसकर्मी व बदमाशों को उपचार हेतु चिकित्सालय ले जाया गया।