अलीगढ़ में व्यापारी के घर हुई लूट की घटना का खुलासा, पांच शातिर लुटेरे गिरफ्तार; मास्टरमाइंड फरार

अलीगढ़ के थाना देहली गेट के घुडिया बाग चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को स्क्रैप कारोबारी के घर में घुसकर तमंचो और चाकू की नोक पर बंधक बनाते हुए लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

अलीगढ़ में व्यापारी के घर हुई लूट की घटना का खुलासा, पांच शातिर लुटेरे गिरफ्तार; मास्टरमाइंड फरार
Published By- Diwaker Mishra

अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट

अलीगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के जनपद अलीगढ़ के थाना देहली गेट के घुडिया बाग चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को स्क्रैप कारोबारी के घर में घुसकर बुजुर्ग व्यापारी दंपत्ति को तमंचो और चाकू की नोक पर बंधक बनाते हुए लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए पांच बदमाशों को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए पांचो बदमाशों के कब्जे से एक जोड़ी सोने के आभूषण व नगद रुपए और मोबाइल समेत दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं। जबकि घटना का मास्टरमाइंड निजामुद्दीन पुलिस की गिरफ्त से दूर है।

उसकी शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीमें लगातार प्रयासरत है।वही गिरफ्तार किए गए सभी बदमाशों के खिलाफ थाने पर एनडीपीएस एक्ट समेत लूट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।

लूट की घटना का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि बुधवार को दिन के करीब 1:00 बजे थाना देहली गेट क्षेत्र में एक व्यापारी के यहां लूट की घटना हुई थी।जहां सभी पुलिस अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पुलिस के तीन टीमों का गठन किया गया था।

पुलिस टीमों के द्वारा 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम आरिफ, नदीम, भूरा,हाशिम और पप्पू है। भूरा और निजामुद्दीन व्यापारी के घर आते थे। जो स्क्रैप का काम करते थे। ये व्यापारी के घर स्क्रैप का काम करने के चलते आने जाने के कारन घर की हर बात से वाकिफ थे।

जिन्होंने होली के त्योहार पर अपनी पहचान छुपाने के लिए चेहरे और शरीर पर होली का रंग लगाते हुए होली मिलने के बहाने व्यापारी विनोद गुप्ता के घर में घुस गए। जिसके बाद उन्होंने व्यापारी विनोद गुप्ता और उनकी पत्नी सुमन गुप्ता कों घर के अंदर बंधक बनाकर लूट की घटना की थी।

इस दौरान व्यापारी की पत्नी सुमन गुप्ता ने लूट का विरोध करते हुए बदमाशों के साथ संघर्ष किया था। जहां सुमन गुप्ता ने तिजोरी की चाबी छुपा ली। जिसके बाद बदमाश सोने के कंगन लूट कर अपने साथ ले गए। इस दौरान सुमन गुप्ता नें एक बदमाश के हाथ में काट लिया और वह घायल हो गया था।जो अभी फरार है।उसकी गिरफ्तारी जल्द  सुनिश्चित की जाएगी।

गिरफ्तार किए गए पांचो बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने लूटे गए सोने के कंगन व सात हजार पांच सौ रुपए नगद समेत मोबाइल फोन और दो अवैध तमंचे भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए पांचो आरोपी समेत फरार अभियुक्त द्वारा पहली बार ही लूट की घटना कों अंजाम दिया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक बुलंदशहर व दूसरा आरोपी हरियाणा राज्य के फरीदाबाद का जबकि अन्य आरोपी अलीगढ़ जिले के रहने वाले हैं। इनका अपराधिक इतिहास भी है। आरोपी आरिफ के विरुद्ध मथुरा समेत अलीगढ़ के थाना जवा में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज है।

एसएसपी नीरज सिंह जादौन ने लूट की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीमों को 25000 रुपए इनाम दिए जाने की घोषणा की है। लूट की घटना के मास्टरमाइंड भूरा और निजामुद्दीन है। फरार आरोपी निजामुद्दीन की गिरफ्तारी पुलिस द्वारा शीघ्र की जाएगी।