चंदौली: किस्त बकाया होने पर जबरन ट्रक छीनना पड़ा भारी, फाइनेंस एजेंसी के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज

उप्र के चंदौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र के नौबतपुर में किस्त बकाया होने पर एक ट्रक को जबरन कब्जे में लेने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए फाइनेंस एजेंसी के कर्मियों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया है।

चंदौली: किस्त बकाया होने पर जबरन ट्रक छीनना पड़ा भारी, फाइनेंस एजेंसी के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज
Published By- Diwaker Mishra

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट  

चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र के नौबतपुर में किस्त बकाया होने पर एक ट्रक को जबरन कब्जे में लेने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए फाइनेंस एजेंसी के कर्मियों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया है।

मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा लूटा गया ट्रक भी बरामद कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

ट्रक रोककर की मारपीट, जबरन ले गए वाहन

पुलिस के अनुसार, मुजफ्फरपुर निवासी ट्रक चालक अमिताभ साहनी ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया था कि वह वाहन संख्या BR44GA7998 चला रहा था।

नौबतपुर के पास कुछ लोग स्वयं को फाइनेंसर बताते हुए बिना नंबर प्लेट की तीन-चार चारपहिया गाड़ियों से पहुंचे और ट्रक को रोक लिया। विरोध करने पर खलासी के साथ मारपीट की गई तथा ट्रक को जबरन कब्जे में लेकर ले जाया गया।

पीड़ित का आरोप था कि ट्रक की केवल एक किस्त 47,958 रुपये बकाया थी, इसके बावजूद एजेंसी के लोगों ने कानून हाथ में लेते हुए वाहन छीन लिया। बाद में ट्रक को बिहार के कैमूर जनपद स्थित दुर्गावती वैष्णवी पार्किंग यार्ड में खड़ा कर दिया गया।

शिकायत के आधार पर थाना सैयदराजा में अभियोग संख्या 172/2026 के तहत धारा 309(6) एवं 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

यार्ड संचालक गिरफ्तार, ट्रक बरामद 

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए सैयदराजा पुलिस ने प्रिंस सिंह पुत्र टुन्नु सिंह उर्फ भानू प्रताप, निवासी ग्राम दुलही, पोस्ट करजी, थाना चांद, जिला कैमूर (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को वैष्णवी एसोसिएट्स पार्किंग यार्ड, दुर्गावती (कैमूर) से पकड़ा गया, जहां से लूटा गया ट्रक भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि वाहन को फाइनेंस एजेंसी भारत रेपोशेशन एजेंसी के नाम पर जबरन उठाया गया था। मामले में एजेंसी के अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है और उनके खिलाफ गिरफ्तारी सहित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसपी ने पहले ही दी थी चेतावनी 

पुलिस अधीक्षक चंदौली ने बताया कि करीब दो माह पूर्व फाइनेंस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि ऋण वसूली या वाहन रिकवरी के दौरान केवल निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का ही पालन किया जाए। किसी भी स्थिति में जबरदस्ती, दबाव, धमकी या गुंडई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसपी ने चेतावनी दी थी कि यदि कोई एजेंट या कर्मचारी वाहन जबरन छीनने, मारपीट करने या डराने-धमकाने की शिकायत में दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ लूट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

बरामदगी में शामिल पुलिस टीम

थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, थाना सैयदराजा 

उपनिरीक्षक संतोष तिवारी 

कांस्टेबल बृजेश चौहान 

कांस्टेबल शंकर प्रसाद 

चालक कांस्टेबल राजू सिंह

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।