बरेली में प्रॉपर्टी विवाद बना जानलेवा, पूर्व पार्षद की संदिग्ध मौत के बाद बेटे ने मांगा इंसाफ

उप्र के बरेली जनपद के किला थाना क्षेत्र में पूर्व पार्षद एवं कपड़ा कारोबारी सूर्य प्रकाश गुप्ता की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

बरेली में प्रॉपर्टी विवाद बना जानलेवा, पूर्व पार्षद की संदिग्ध मौत के बाद बेटे ने मांगा इंसाफ
Published By- Diwaker Mishra

बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट  

बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जनपद के किला थाना क्षेत्र में पूर्व पार्षद एवं कपड़ा कारोबारी सूर्य प्रकाश गुप्ता की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार का आरोप है कि संपत्ति विवाद के चलते उनके साथ मारपीट की गई और बाद में उन्हें मकान की ऊपरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। गढ़ी क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय सूर्य प्रकाश गुप्ता शहर के जाने-माने कारोबारियों में शामिल थे। उनका सिविल लाइंस में कपड़ों का व्यवसाय और किला क्षेत्र में मेडिकल स्टोर संचालित होता है।

परिजनों के मुताबिक परिवार में संपत्ति को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था। इसे लेकर कई बार कहासुनी और तनाव की स्थिति भी बनी थी। मृतक के पुत्र अंशु गुप्ता का आरोप है कि घटना वाले दिन कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे।

बातचीत के दौरान शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और मकान की दूसरी मंजिल तक पहुंच गया। आरोप है कि वहां सूर्य प्रकाश गुप्ता के साथ मारपीट की गई और बाद में उन्हें नीचे गिरा दिया गया।

गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

परिजनों ने सूर्य प्रकाश गुप्ता के भाई विष्णु गुप्ता और उनके बेटों पर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। पुत्र अंशु गुप्ता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दी जानी चाहिए।

घटना की जानकारी मिलते ही किला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात की है।